Him Beat News, मंडी | पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के तहत जिला परिषद वार्ड के शिल्हीबागी, शिवाखड्ड, बागाचनोगी और भाटकीधार में चुनावी हुंकार भरी है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में सघन जनसंपर्क और नुक्कड़ जनसभाओं को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने सूबे की सुक्खू सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले बोले। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास पर पूर्ण विराम लगा है, ऐसे में लोग पंचायत चुनाव में कांग्रेस को क्यों वोट दें
जयराम ठाकुर ने जनता से सीधा सवाल करते हुए पूछा कि उन्हें प्रदेश में विकास करने वाली सरकार चाहिए या विकास कार्यों पर ताला लगाने वाली सरकार? उन्होंने दावा किया कि नगर निकाय चुनावों की तरह आगामी पंचायत चुनावों और नगर निगम चुनावों में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
👉 ये भी पढ़ें : HP Panchayat Election 2026: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों की घोषणा, जानें वोटिंग की तारीखें और पूरा शेड्यूल
व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर विकास ठप

सराज में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ‘व्यवस्था परिवर्तन’ का खोखला नारा दे रही है। जनहित में नए संस्थान खोलने के बजाय यह सरकार पूर्व भाजपा सरकार द्वारा जनहित में खोले गए संस्थानों पर ताले लगाने पर अड़ी हुई है, जिससे पूरे प्रदेश में विकास कार्यों की गति रुक गई है। उन्होंने आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर भी सरकार को पूरी तरह विफल बताया। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में दोबारा बरसात का मौसम दस्तक देने वाला है, लेकिन सरकार पिछले साल की आपदा का मलबा तक सड़कों से नहीं हटा पाई है। ग्रामीण रूटों पर चलने वाली सरकारी बसें आज भी बंद पड़ी हैं। सड़कों की खस्ताहाल दुर्दशा के कारण ग्रामीणों को भारी सामान आज भी अपनी पीठ पर लादकर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
सुक्खू सरकार पर भाई-भतीजावाद और खजाना लुटाने का आरोप
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर सीधा हमला बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश का सरकारी खजाना केवल कुछ खास मित्रों पर लुटाया जा रहा है। सरकार में भाई-भतीजावाद चरम पर है। भाजपा विधायकों के क्षेत्रों और खुद कांग्रेस के ही विरोधी गुट के विधायकों को विकास के मामले में पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है। इसी भेदभाव का खामियाजा कांग्रेस को हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में भुगतना पड़ा है। अपनी नाकामी छुपाने के लिए मुख्यमंत्री आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए झूठे दावे पेश कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं।
राहुल गांधी के बयान पर जयराम ठाकुर का पलटवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई बयानबाजी पर भी जयराम ठाकुर ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बयान उनकी राजनीतिक हताशा और कुंठा का स्पष्ट प्रतीक है। लगातार मिल रही चुनावी पराजयों और जनता के बीच घटते जनाधार से परेशान होकर कांग्रेस नेताओं ने मर्यादाएं लांघ दी हैं। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, जिसकी भारतीय जनता पार्टी कड़ी निंदा करती है। देश की जनता कांग्रेस के इस भ्रम और अनर्गल बयानबाजी का जवाब मतपेटियों के जरिए देगी।









