Him Beat News, शिमला | हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कल यानी 25 मई को केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ एक मोर्चा खोलने जा रही है। पेट्रोल और डीजल के बढ़ते मूल्यों के विरोध में कांग्रेस पार्टी प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जोरदार धरना प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने इस धरना प्रदर्शन में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों और विभिन्न विभागों के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा है।
मोदी सरकार ने तेल कंपनियों को दी देश लूटने की खुली छूट
तेल कंपनियों की ओर से हर रोज बढ़ाए जा रहे पेट्रोल-डीजल के दामों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए विनय कुमार ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने तेल कम्पनियों को देश की जनता को लूटने की खुली छूट दे दी है। तेल के बढ़ते मूल्यों के कारण देश हर रोज महंगाई के दलदल में धंसता जा रहा है। ईंधन के दाम बढ़ने से आम जरूरत की आवश्यक वस्तुओं के भाव भी आसमान छूने लगे हैं।
जनता के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ खड़ी है कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा की खामोशी पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा तेल के बढ़ते दामों पर पूरी तरह मौन बैठी है। उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि यह पार्टी केवल राजनीति करना जानती है और लोगों की भावनाओं से खेलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस देश की जनता के साथ हो रहे इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ी है और जनहित के किसी भी आंदोलन से पीछे हटने वाली नहीं है।
नगर निकाय चुनाव के नतीजों से हताश है भाजपा: विनय कुमार
विनय कुमार ने प्रदेश भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हाल ही में संपन्न हुए नगर निकायों के चुनाव परिणामों ने भाजपा को हताशा में डाल दिया है। प्रदेश में भाजपा तेजी से विघटन की ओर बढ़ रही है और उनके नेताओं के पास जनता के सवालों का कोई जवाब नहीं है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि आने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहरायेगी। विनय ने कहा कि भाजपा हमेशा झूठ बोलकर और अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करती रही है।







