Him Beat Bureau, धर्मशाला | हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2027 में आयोजित होने वाली राज्य मुक्त विद्यालय (HP SOS) परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आठवीं, दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी 2 से 30 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन करने पर 31 दिसंबर तक 1,000 रुपये और 30 जनवरी तक 2,000 रुपये लेट फीस देनी होगी।
शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि मार्च 2027 में आठवीं, दसवीं और बारहवीं कक्षा की एसओएस परीक्षाएं संचालित की जाएंगी। पात्र अभ्यर्थी री-अपीयर और इंप्रूवमेंट ऑफ परफॉर्मेंस के लिए 30 नवंबर तक बिना अतिरिक्त विलंब शुल्क के आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा फ्रेश एडमिशन (बिना टीओसी और टीओसी के साथ), री-एडमिशन और अतिरिक्त विषय के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।
कक्षा के अनुसार आवेदन शुल्क
बोर्ड की ओर से निर्धारित शुल्क के अनुसार, आठवीं कक्षा में बिना टीओसी फ्रेश एडमिशन के लिए 2,400 रुपये देने होंगे। दसवीं कक्षा के लिए यह शुल्क 3,000 रुपये और बारहवीं कक्षा के लिए 2,900 रुपये निर्धारित किया गया है। री-अपीयर परीक्षा के लिए आठवीं कक्षा के अभ्यर्थियों को 800 रुपये, दसवीं के अभ्यर्थियों को 1,000 रुपये और बारहवीं के अभ्यर्थियों को 800 रुपये शुल्क देना होगा। एक वर्ष के भीतर अंक सुधार परीक्षा देने वाले दसवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए 1,000-1,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

फरवरी में होंगी पीसीपी कक्षाएं
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि एसओएस परीक्षाओं के लिए पीसीपी कक्षाएं 1 से 18 फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। संबंधित संस्थानों को 19 फरवरी तक अपनी रिपोर्ट बोर्ड मुख्यालय भेजनी होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता, श्रेणी और निर्धारित शुल्क की जानकारी बोर्ड के आधिकारिक निर्देशों से जांच लें।


















