Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी की नई प्रदेश कोर कमेटी में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार समेत कई वरिष्ठ नेताओं को जगह नहीं मिली है जबकि राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, विधायक रणधीर शर्मा और पूर्व मंत्री राजीव सहजल भी नई कमेटी का हिस्सा नहीं होंगे। पुरानी कोर कमेटी के सदस्य रहे त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा और पूर्व सांसद सुरेश चंदेल के नाम भी नई सूची में नहीं हैं। भाजपा ने पुरानी 21 सदस्यीय कोर कमेटी का पुनर्गठन कर इसे 12 सदस्यीय कर दिया है। इसके अलावा दो विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेशानुसार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नई कोर कमेटी की अधिसूचना जारी की।
नड्डा, जयराम, बिंदल और अनुराग को मिली जगह
नई कोर कमेटी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन को कमेटी में जगह मिली है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप और डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक सतपाल सिंह सत्ती और विपिन सिंह परमार, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और संजीव कटवाल को सदस्य बनाया गया है। प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी दर्शना सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
कंगना रणौत को छोड़ तीनों लोकसभा सांसद शामिल
प्रदेश के चार लोकसभा सांसदों में से तीन को नई कोर कमेटी में जगह दी गई है। हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर, शिमला से सुरेश कश्यप और कांगड़ा से डॉ. राजीव भारद्वाज को सदस्य बनाया गया है। हालांकि, मंडी से सांसद कंगना रणौत का नाम सूची में नहीं है। प्रदेश भाजपा में महत्वपूर्ण नीतिगत, राजनीतिक और संगठनात्मक फैसलों के लिए कोर कमेटी अहम मंच मानी जाती है। ऐसे में कई वरिष्ठ नेताओं को नई कमेटी में जगह नहीं मिलने और सदस्यों की संख्या घटाए जाने को संगठनात्मक समीकरणों में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, इस बदलाव के कारणों को लेकर जारी अधिसूचना में कोई जानकारी नहीं दी गई है।


















