Him Beat Bureau, शिमला | जिला शिमला पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज करेगी। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने के साथ तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला पुलिस की अपराध समीक्षा एवं कल्याण बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए गए। बैठक में जिले के सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रभारियों और अन्य संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जांच की गुणवत्ता, निवारक कार्रवाई और पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।
एसपी ने नशा तस्करी के मामलों में गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाकर मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने और पूरे तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर दिया। नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान और जब्ती के लिए वित्तीय जांच करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा तस्करों के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत निवारक निरोध की कार्रवाई करने और नशा तस्करी से जुड़े अवैध अतिक्रमण हटाने को कहा गया। एसपी ने रुस्तम (RUSTOM) योजना के तहत सभी थाना प्रभारियों को युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने के लिए सार्थक प्रयास किए जाएं।
गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बैठक में जिले के विभिन्न थानों में दर्ज आपराधिक मामलों की जांच की समीक्षा भी की गई। एसपी ने अधिकारियों को साक्ष्य जुटाने, जांच की गुणवत्ता सुधारने और मामलों के समयबद्ध निपटारे पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने को कहा। अपराधों की रोकथाम के लिए निवारक कार्रवाई मजबूत करने, आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं का होगा समाधान
बैठक के दौरान पुलिस कर्मचारियों के कल्याण और उनकी समस्याओं पर भी चर्चा की गई। एसपी ने अधिकारियों को अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याएं गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को पेशेवर दक्षता, अनुशासन, जवाबदेही और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने को कहा। साथ ही आम जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करने पर जोर दिया।

















