Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसों में सफर करने वाले यात्रियों को अब टिकट संभालकर रखना होगा। किराया देने के बावजूद टिकट नहीं लेने या यात्रा के दौरान टिकट गुम होने पर चेकिंग के समय 500 रुपये जुर्माना लग सकता है। निगम ने बिना टिकट यात्रा रोकने और टिकट वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की है।
नई व्यवस्था के तहत बिना वैध टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर यात्री से 500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। टिकट गुम होने या चेकिंग के दौरान टिकट बनवाने की स्थिति में भी यही नियम लागू होगा। ऐसे में यात्रियों को किराया देने के तुरंत बाद टिकट लेना और यात्रा पूरी होने तक उसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा।
किराया लेकर टिकट नहीं दिया तो यात्री को मिलेगा पांच गुना इनाम
संशोधित एसओपी में यात्रियों को भी टिकट वितरण व्यवस्था की निगरानी में भागीदार बनाया गया है। यदि कंडक्टर किसी यात्री से किराया लेने के बावजूद टिकट जारी नहीं करता और इसकी शिकायत जांच में सही पाई जाती है, तो शिकायतकर्ता यात्री को टिकट की कीमत का पांच गुना इनाम दिया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य टिकट वितरण में अनियमितताओं को रोकना और यात्रियों को शिकायत करने के लिए प्रोत्साहित करना है। निगम ने स्पष्ट किया है कि किराया लेने के बाद टिकट नहीं देने वाले कंडक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों के आधे टिकट के लिए मांग सकते हैं आयु प्रमाणपत्र
एचआरटीसी ने बच्चों के आधे टिकट और मुफ्त यात्रा से संबंधित नियम भी स्पष्ट किए हैं। पांच से 12 वर्ष के बच्चों के मामले में कंडक्टर आयु प्रमाणपत्र मांग सकता है। यदि अभिभावक बच्चे की उम्र का संतोषजनक प्रमाण नहीं दे पाते हैं, तो पूरा टिकट काटा जाएगा। हालांकि, अभिभावक की घोषणा के आधार पर आधा टिकट जारी होने के बाद जांच में बच्चा पात्र नहीं पाया जाता है, तो इसे सीधे बिना टिकट यात्रा का मामला नहीं माना जाएगा। ऐसे मामलों में बच्चे की फोटो और संबंधित दस्तावेज लेकर जांच के लिए यूनिट अधिकारी को भेजे जाएंगे।
पुराना या कम किराये का टिकट देने पर भी कार्रवाई
संशोधित एसओपी में टिकट वितरण से जुड़ी गड़बड़ियों पर भी सख्ती की गई है। यात्री से किराया लेने के बाद टिकट जारी नहीं करना, निर्धारित किराये से कम राशि का टिकट देना या पुराना टिकट थमाना गंभीर अनियमितता माना जाएगा। ऐसे मामलों में नियमित और अनुबंध आधार पर कार्यरत कंडक्टरों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने बताया कि बसों में बिना टिकट यात्रा रोकने और टिकट वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए संशोधित एसओपी लागू की गई है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि बस में किराया देने के बाद टिकट अवश्य लें। यदि कंडक्टर किराया लेने के बावजूद टिकट नहीं देता है, तो इसकी शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1100 पर करें।

















