Him Beat Bureau, शिमला | नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने होटलों के संचालन सहमति शुल्क में ढाई गुना बढ़ोतरी और पांच साल की एकमुश्त वसूली को लेकर सुक्खू सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार से इस फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के पर्यटन उद्योग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और होटल कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आय के संसाधन बढ़ाने के लिए प्रभावी योजनाएं बनाने के बजाय जनता और कारोबारियों पर टैक्स तथा शुल्क का बोझ डाल रही है। प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने होटलों के संचालन सहमति शुल्क में ढाई गुना वृद्धि करने के साथ पांच साल का शुल्क एकमुश्त वसूलने का निर्णय लिया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल में अधिकांश लोग अपने होटल एक साल की लीज पर देते हैं। ऐसे में होटल संचालक पांच साल का शुल्क एक साथ कैसे अदा करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार किसी भी तरह राजस्व जुटाकर अपना कार्यकाल पूरा करना चाहती है।
छोटे होटल संचालकों पर 1.08 लाख रुपये का अतिरिक्त बोझ

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने होटलों के संचालन सहमति शुल्क के ढांचे में भारी बदलाव किया है। इसके तहत ग्रीन श्रेणी के 10 से 13 कमरों वाले छोटे होटलों के संचालकों को पांच साल के लिए अब 72 हजार रुपये के बजाय 1.80 लाख रुपये का भुगतान करना होगा। इससे होटल संचालकों पर 1.08 लाख रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। वहीं, वार्षिक संचालन सहमति शुल्क भी 14,400 रुपये से बढ़ाकर 36 हजार रुपये कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी वित्तीय विफलताओं को छिपाने और खर्चों में कटौती करने के बजाय कारोबारियों पर अतिरिक्त शुल्क थोप रही है।
आम जनता पर लगातार बढ़ाया जा रहा आर्थिक बोझ
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर पर्यटकों के वाहनों पर टैक्स लगाने, स्कूल-कॉलेजों की फीस बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों से भारी शुल्क वसूला जा रहा है। शुल्क में अत्यधिक वृद्धि के कारण लोग अपने जरूरी राजस्व कार्य करवाने से भी कतराने लगे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से जनहित और पर्यटन कारोबारियों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए होटलों के संचालन सहमति शुल्क में की गई बढ़ोतरी और पांच साल की एकमुश्त वसूली का फैसला वापस लेने की मांग की।
















