Him Beat Bureau, शिमला | राजधानी शिमला की पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। PIT-NDPS अधिनियम के तहत आठ और लोगों को तीन महीने के लिए निरुद्ध कर मॉडल सेंट्रल जेल कंडा भेजा गया है। इसके साथ ही वर्ष 2026 में इस अधिनियम के तहत निरुद्ध किए गए व्यक्तियों की संख्या 51 पहुंच गई है। पुलिस के अनुसार, प्रदेश में इस कानून के तहत यह सबसे बड़ी कार्रवाई है।
पुलिस की ओर से यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश के सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी निरोध आदेशों के आधार पर की गई है। निरुद्ध किए गए आठ लोगों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत पहले से दो से चार मामले दर्ज हैं। इनमें शिमला जिले के विभिन्न क्षेत्रों के सात और पंजाब के होशियारपुर का एक व्यक्ति शामिल है। होशियारपुर निवासी व्यक्ति वर्तमान में शिमला में रह रहा था।
चार नवंबर को दो, पांच को छह लोग निरुद्ध
पुलिस के अनुसार, चार नवंबर को होशियारपुर निवासी अमित लूथरा और ठियोग निवासी सुनील कुमार को निरुद्ध किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो-दो मामले दर्ज हैं। इसके अगले दिन पांच नवंबर को छह अन्य लोगों के खिलाफ निरोध आदेशों की अनुपालना में कार्रवाई की गई। इनमें चौपाल निवासी अत्तर सिंह, शिमला निवासी महेश ठाकुर, कोटखाई निवासी रुब्बल जडाइक, जुब्बल निवासी गोपी चंद, कुमारसैन निवासी राजू चौहान और शिमला निवासी मोहित वर्मा शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अत्तर सिंह, रुब्बल जडाइक और राजू चौहान के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत चार-चार मामले दर्ज हैं। वहीं, महेश ठाकुर, गोपी चंद और मोहित वर्मा के खिलाफ दो-दो मामले दर्ज हैं।
तीन महीने तक कंडा जेल में रहेंगे
पुलिस ने बताया कि सभी आठ लोगों को तीन महीने के लिए निरुद्ध किया गया है। सक्षम प्राधिकारी के आदेशों के अनुसार इन्हें मॉडल सेंट्रल जेल कंडा में रखा गया है। PIT-NDPS अधिनियम, 1988 के तहत निवारक निरोध की व्यवस्था है। इसका उद्देश्य नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों को दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल होने से रोकना है। यह सामान्य आपराधिक मामले में अदालत से सुनाई जाने वाली सजा से अलग कानूनी कार्रवाई है।
तीन वर्षों के मुकाबले इस साल कार्रवाई में तेजी
शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 51 व्यक्तियों को PIT-NDPS अधिनियम के तहत निरुद्ध किया जा चुका है। वर्ष 2025 में केवल तीन लोगों पर इस कानून के तहत कार्रवाई हुई थी, जबकि वर्ष 2023 और 2024 में किसी को निरुद्ध नहीं किया गया था। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगा। बार-बार नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत निवारक कार्रवाई भी जारी रखी जाएगी।















