शिमलाकांगड़ासोलनसिरमौरकिन्नौरहमीरपुरऊनाबिलासपुरमंडीकुल्लूचंबालाहौल-स्पीति

Solan News : नालागढ़ में अवैध दवा निर्माण के ठिकाने का भंडाफोड़, 67 हजार एंटीबायोटिक टैबलेट जब्त, दो गिरफ्तार

सोलन जिले के नालागढ़ में हिमाचल और यूपी ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अवैध दवा निर्माण से जुड़े संदिग्ध ठिकाने का खुलासा हुआ है। करीब 67 हजार एंटीबायोटिक टैबलेट, 6500 प्रेगाबालिन कैप्सूल और 100 किलो पैकेजिंग फॉयल जब्त किया गया है। दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। विभाग दवाइयों की सप्लाई चेन और नकली दवा नेटवर्क की जांच कर रहा है।

HIGHLIGHTS

  • नालागढ़ के राजपुरा में अवैध दवा निर्माण का खुलासा।
  • करीब 67 हजार एंटीबायोटिक टैबलेट जब्त।
  • प्रेगाबालिन के 6,500 कैप्सूल भी बरामद।
  • दो आरोपी गिरफ्तार, तीन दिन का रिमांड।
  • बद्दी की दो अन्य औद्योगिक इकाइयों की जांच।

Him Beat Bureau, सोलन | हिमाचल प्रदेश में अवैध और नकली दवाइयों के कारोबार के खिलाफ ड्रग कंट्रोल विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोलन जिले के नालागढ़ उपमंडल के राजपुरा में बिना वैध लाइसेंस दवा निर्माण से जुड़े एक संदिग्ध ठिकाने का पर्दाफाश किया गया है। हिमाचल प्रदेश ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन और उत्तर प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूपी एफडीए) की संयुक्त कार्रवाई में करीब 67 हजार एंटीबायोटिक टैबलेट, प्रेगाबालिन 300 एमजी के 6,500 कैप्सूल और लगभग 100 किलोग्राम प्रिंटेड एल्युमिनियम फॉयल जब्त किया गया है।

मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन का रिमांड मिला है। विभाग अब दवाइयों के निर्माण, भंडारण और आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रहा है।

घटिया गुणवत्ता की दवाइयों की जांच से खुला मामला

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश एफडीए को जांच के दौरान कुछ दवाइयां घटिया गुणवत्ता की मिली थीं। इनके नकली होने का भी संदेह जताया गया था। जांच आगे बढ़ने पर इन दवाइयों के स्रोत के तार नालागढ़ के राजपुरा से जुड़े मिले। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के राज्य ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने ड्रग इंस्पेक्टरों की विशेष टीमें गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। संयुक्त टीम ने राजपुरा स्थित एक भवन में छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां बिना वैध मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस के दवा निर्माण की तैयारी से जुड़ी मशीनरी, दवाइयां और पैकेजिंग सामग्री बरामद हुई।

जांच टीम को करीब 100 किलोग्राम प्रिंटेड एल्युमिनियम फॉयल भी मिला। इस पर अन्य फार्मा कंपनियों के ब्रांड नाम अंकित थे। इससे नामी कंपनियों के नाम पर नकली दवाइयां तैयार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। विभाग ने दोनों आरोपियों को ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। राजपुरा में कार्रवाई के दौरान यूपी एसटीएफ के साथ आए मुखबिर से बद्दी औद्योगिक क्षेत्र में दो अन्य संदिग्ध ठिकानों की जानकारी मिली। इसके आधार पर विभाग की टीम ने मानपुरा के गुरुमाजरा और बद्दी में दो औद्योगिक इकाइयों की जांच की।

दवाइयों की सप्लाई चेन खंगाल रहा विभाग

राज्य ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने कहा कि प्रदेश में अवैध दवा निर्माण और नकली दवाइयों के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। दवाइयों की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के माध्यम से दवाइयों के स्रोत, निर्माण से जुड़े लोगों और आपूर्ति शृंखला का पता लगाया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment