Him Beat Bureau, धर्मशाला | हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करों और नशा पीड़ितों की पहचान के लिए रेड कैटेगरी में शामिल 246 पंचायतों की मैपिंग की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को यह कार्य 15 दिसंबर से पहले पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चिट्टे के खात्मे के लिए प्रशासन और पुलिस को जमीनी स्तर पर मिलकर काम करना होगा।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को कांगड़ा जिले के तपोवन में आठवीं राज्यस्तरीय नारकोटिक्स कॉर्डिनेशन सेंटर (एनकोर्ड) की बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को नशे के खिलाफ अभियान में तेजी लाने तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 246 पंचायतों को रेड कैटेगरी में चिह्नित किया गया है। इन पंचायतों में चिट्टा तस्करी से जुड़े लोगों और नशे से प्रभावित व्यक्तियों की पहचान कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैपिंग का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। इससे नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावित लोगों के पुनर्वास की योजना बनाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसके परिणाम जमीनी स्तर पर दिखाई देने चाहिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने निजी नशामुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों की पहचान कर उन्हें उपचार, सहायता और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।
पीआईटी-एनडीपीएस के तहत 159 लोग जेल भेजे
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टा तस्करी में संलिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में अब तक 159 लोगों को इस अधिनियम के तहत कारागार भेजा गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस तरह की कार्रवाई के मामले में हिमाचल प्रदेश का आंकड़ा देश में दूसरा सर्वाधिक है। पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान प्रदेश सरकार ने नशा तस्करी से अर्जित लगभग 92 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां जब्त की हैं।
नशा तस्करी के मामलों में 51 सरकारी कर्मचारी बर्खास्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 21 पुलिस कर्मियों और अन्य विभागों के 30 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई में ढील नहीं बरती जाएगी। एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार ने दो नए एनडीपीएस न्यायालय स्थापित करने को मंजूरी दी है। इसके अलावा प्रत्येक जिले में चिट्टे के खिलाफ प्रभावी योजना बनाने और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय एनकोर्ड बैठकों की नई मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) जारी की जाएंगी।
स्पीति में जेल बनाने की संभावनाएं तलाशेंगे
मुख्यमंत्री ने लाहौल-स्पीति के उपायुक्त को स्पीति में नया कारागार स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस के तहत गिरफ्तार आरोपियों के लिए प्रस्तावित कारागार की स्थापना के उद्देश्य से 200 बीघा से अधिक उपयुक्त भूमि की पहचान की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए सभी विभागों को साझा रणनीति के तहत काम करना होगा। युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस कार्रवाई के साथ जागरूकता और पुनर्वास पर भी ध्यान देना जरूरी है।




















