शिमला। जिले में अवैध लकड़ी तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चौपल थाना पुलिस ने सराहां बाजार के पास एक ट्रक से 50 देवदार के लट्ठे बरामद किए हैं। यह लकड़ी बिना किसी वैध परमिट के ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत लगभग 2.30 लाख रुपये बताई गई है।
रात में गश्त के दौरान कार्रवाई
यह कार्रवाई 18 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:30 बजे की गई। चोपल थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी, तभी सराहन बाजार के पास टाटा 710 ट्रक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में देवदार के 50 लट्ठे पाए गए, जिनके लिए कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। आरोपियों में चालक: श्याम लाल (50), निवासी सराहन, चौपल, शिमला, राहुल (29), निवासी सराहन, चौपल शामिल हैं। दोनों आरोपी लकड़ी से संबंधित कोई वैध परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
2.30 लाख रुपये आंकी गई है कुल कीमत
वन रक्षक की ओर से किए गए मापन में कुल 2.923 घन मीटर देवदार लकड़ी पाई गई, जिसकी कीमत लगभग 2,30,000 रुपये आंकी गई है। लकड़ी को सील कर पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया है। इस मामले में थाना चौपल में भारतीय न्याय संहिता और भारतीय वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




