एचबी ब्यूरोए शिमला | जिला शिमला में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के साथ जारी है। ताजा मामलों में पुलिस ने बालूगंज और ठियोग क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है और एक युवती सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
बालूगंज पुलिस थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन के पास विशेष नाकाबंदी की थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि शोघी की ओर से एक कार में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ शिमला लाया जा रहा है। जब पुलिस टीम ने संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका, तो तलाशी के दौरान 64 ग्राम चिट्टा और नकद राशि बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान कर्ण (35), निवासी कलस्टन (शिमला) और कर्ण वर्मा (30), निवासी ठियोग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी स्थानीय युवाओं को नशा सप्लाई करने की फिराक में थे।
ठियोग में तस्करों से तीन ग्राम चिट्टा पकड़ा
नशा तस्करी का दूसरा मामला ठियोग से सामने आया है। पुलिस ने शाली बाजार स्थित एक निजी होटल के कमरे में दबिश दी। वहां ठहरे एक युवक और युवती के पास से 3 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान जोगेंद्र वेकटा उर्फ दादा (निवासी सरोग, ठियोग) और फागू की रहने वाली एक युवती के रूप में हुई है। इन दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चिट्टे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इस नेटवर्क के पीछे मुख्य सरगना कौन है।







1 thought on “Shimla : पुलिस की नशे पर बड़ी कार्रवाई: तारादेवी में 64 ग्राम चिट्टे के साथ 2 गिरफ्तार, ठियोग के होटल में भी दो धरे”