Shimla Crime News: चौपाल के कुहल गांव में खूनी वारदात, कहासुनी के बाद नेपाली मूल के युवक की चाकू मारकर हत्या

Shimla Crime News: शिमला के चौपाल के कुहल गांव में नेपाली मूल के युवक समीर चौधरी की चाकू मारकर हत्या। शिकायतकर्ता ने आरोपी दीपक दर्जी को कमरे में बंद कर पुलिस के हवाले किया। पढ़ें पूरी खबर।

May 31, 2026 10:24 AM

Him Beat News, शिमला | हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के चौपाल उपमंडल से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। चौपाल पुलिस थाना के तहत आने वाले कुहल गांव में शुक्रवार देर रात दो नेपाली मूल के युवकों के बीच हुई कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह वारदात शुक्रवार देर रात करीब 2:00 बजे की है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (SFSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। शिकायतकर्ता भगत राम (निवासी कुहल, डाकघर धबास, तहसील चौपाल) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पूरी घटना की जानकारी उन्हें मस्तराम नाम के व्यक्ति से मिली। आरोपी दीपक दर्जी ने वारदात को अंजाम देने के बाद अपने भाई मस्तराम को फोन पर बताया कि उसकी समीर से बहस हो गई थी और उसने समीर की हत्या कर दी है। जब मस्तराम की सूचना पर भगत राम तुरंत कमरे पर पहुंचे, तो आरोपी दीपक दर्जी दरवाजे पर ही खड़ा था। दीपक ने कबूल किया कि कहासुनी के दौरान उसने समीर के सिर पर चाकू से वार कर दिया है। शिकायतकर्ता भगत राम ने बिना वक्त गंवाए आरोपी दीपक को उसी कमरे में रोककर (बंद करके) रखा और तुरंत चौपाल पुलिस को इसकी सूचना दी।

बिस्तर पर लहूलुहान हालत में मिला शव

सूचना मिलते ही चौपाल थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत कुहल गांव पहुंची। पुलिस ने कमरे के अंदर बिस्तर पर समीर चौधरी (पुत्र मंगत राम, निवासी लमकी चूहा, जिला कैलाली, नेपाल) को मृत अवस्था में पाया। मृतक के सिर पर गहरे जख्म के निशान थे और अत्यधिक खून बह रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी दीपक दर्जी और मृतक समीर चौधरी दोनों नेपाल के रहने वाले थे और यहां एक ही कमरे में साथ रहते थे।

SFSL की टीम करेगी वैज्ञानिक जांच

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता और पुख्ता सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक (SFSL) टीम को मौके पर बुलाया गया है, जो घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करेगी। इस ब्लाइंड मर्डर जैसी हिंसक वारदात की आगामी तफ्तीश चौपाल थाना प्रभारी खुद कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment