Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल प्रदेश में जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसरों और अनुबंध आधार पर नियुक्त डॉक्टरों के लिए स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा का रास्ता आसान हो गया है। प्रदेश सरकार ने डॉक्टरों की पीजी और सुपर स्पेशलिटी (पीजी/एसएस) नीति में बदलाव करते हुए इन श्रेणियों के चिकित्सकों को भी निर्धारित कोटे का लाभ देने का फैसला लिया है। संशोधित व्यवस्था के तहत पात्र डॉक्टर एमडी, एमएस और एमडीएस कोर्स में 33.33 फीसदी कोटे के तहत प्रवेश के लिए पात्र होंगे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, कार्मिक विभाग की ओर से समय-समय पर निर्धारित शर्तों के तहत अनुबंध पर नियुक्त डॉक्टरों के साथ जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसर भी इस नीति के दायरे में आएंगे। इसके माध्यम से वे प्रदेश के सरकारी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में उच्च चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
पीजी के बाद प्रदेश में देनी होगी सेवाएं
संशोधित नीति में जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसरों के लिए सेवा संबंधी शर्तें भी तय की गई हैं। पीजी कोर्स में चयनित होने वाले डॉक्टरों को राज्य सरकार के साथ दो साल का बॉन्ड भरना होगा। इसमें पीजी पूरी करने के बाद एक साल की अनिवार्य फील्ड पोस्टिंग का प्रावधान शामिल है। बॉन्ड की राशि 40 लाख रुपये निर्धारित की गई है। अधिसूचना के मुताबिक, पीजी पूरी होने के बाद डॉक्टरों को जॉब ट्रेनी के तौर पर उनकी बची हुई सेवा अवधि भी पूरी करनी होगी। यह अवधि समाप्त होने के बाद ही पीजी कोर्स के लिए भरे गए बॉन्ड की समय-सीमा शुरू होगी।
सीधे भर्ती होने वाले डॉक्टरों के बराबर मिलेगा स्टाइपेंड
पीजी की पढ़ाई के दौरान जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसरों को स्टाइपेंड के रूप में वही राशि मिलेगी, जो सीधे भर्ती होने वाले अभ्यर्थियों को देय है। संशोधित नीति में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अनुबंध आधार पर नियुक्त जीडीओ और जॉब ट्रेनी डॉक्टरों की नियमित नियुक्ति सरकार की ओर से समय-समय पर अधिसूचित नियमों और नीतियों के अनुसार होगी। सरकार ने भर्ती के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयन या अन्य निर्धारित भर्ती प्रक्रियाओं का विकल्प भी खुला रखा है। नीति में किए गए इस बदलाव से पात्र अनुबंध चिकित्सकों और जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसरों को उच्च चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के लिए निर्धारित कोटे का लाभ मिल सकेगा।


















