Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत शोघी में दो अलग-अलग मामलों में करीब 24 ग्राम चिट्टा बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल की टीम ने पुलिस चौकी शोघी के समीप नाकाबंदी के दौरान बसों की जांच करते हुए यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में दो रोहड़ू और एक कुमारसैन क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।

पहले मामले में पुलिस ने बस में सवार रोहड़ू निवासी 30 वर्षीय भोपिन्दर सिंह और 32 वर्षीय अनुज कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान भोपिन्दर की जैकेट की जेब में रखी सिगरेट की डिब्बी से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी में करीब 13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर संख्या 243/2026 दर्ज की। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 9 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस मामले में चिट्टे की खरीद और सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
दूसरी ओर, शोघी में ही बस की जांच के दौरान पुलिस ने कुमारसैन निवासी 42 वर्षीय विजय ठाकुर के कब्जे से करीब 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस के अनुसार, विजय बस की सीट पर बैठा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नशीला पदार्थ मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत एफआईआर संख्या 242/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस दोनों मामलों में यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी तस्करी कहां की जानी थी।












