Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस ने पंजाब से दो मुख्य तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें रामपुर के ननखड़ी क्षेत्र का बलबीर सिंह उर्फ फौजी और लुधियाना का गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों की गिरफ्तारी चिट्टा तस्करी के मामलों की जांच के दौरान सामने आए सप्लाई नेटवर्क के आधार पर की गई है। दोनों आरोपियों को 5 नवंबर को गिरफ्तार किया गया।
शिमला पुलिस की एडिशनल एसपी मेहर पंवार ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पहले मामले में पुलिस के स्पेशल सेल ने अमृतसर में दबिश देकर बलबीर सिंह को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ननखड़ी क्षेत्र में लंबे समय से चिट्टा तस्करी में सक्रिय था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसने अपने मोबाइल नंबर भी बदल दिए थे। पुलिस टीम करीब एक सप्ताह से उसकी तलाश में जुटी थी और ननखड़ी क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह हाथ नहीं आया। बाद में उसके अमृतसर में होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने वहां कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले की कड़ी 27 अक्तूबर को शोघी बैरियर पर हुई कार्रवाई से जुड़ी है। उस दिन गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अमृतसर निवासी रेशम सिंह को 257 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि बरामद चिट्टा ननखड़ी के बलबीर सिंह तक पहुंचाया जाना था। इसके बाद पुलिस ने बलबीर की तलाश शुरू की। पुलिस का दावा है कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भागने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार, बलबीर के खिलाफ पहले से आबकारी और एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े छह मामले दर्ज हैं। वह इससे पहले भी 107 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा जा चुका है।
गुम्मा में पकड़े गए तीन आरोपियों से खुला लुधियाना कनेक्शन
दूसरी कार्रवाई कोटखाई थाना में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले की जांच के तहत की गई। 27 सितंबर को ठियोग उपमंडल की डिटेक्शन टीम ने गुम्मा में कार्रवाई करते हुए रूपेश, शिवम और लालू कुमार उर्फ कृष्णा को 50 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। जांच के दौरान पुलिस को इनके लुधियाना निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा से संपर्क होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी उससे चिट्टा खरीदकर हिमाचल प्रदेश में बेचने के लिए लाते थे। इस सप्लाई नेटवर्क के मुख्य स्रोत तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और लगातार प्रयासों के बाद 5 नवंबर को गुरप्रीत सिंह को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चिट्टा तस्करी के दो मामले शामिल हैं। इन मामलों में उसे पहले 415 ग्राम और 230 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा जा चुका है।
इस साल 94 मुख्य तस्कर गिरफ्तार, 69 अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़
शिमला पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 94 मुख्य नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में आठ और वर्ष 2024 में 15 मुख्य तस्करों की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस ने दावा किया है कि इस साल अब तक 69 बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है। वर्ष 2024 और 2025 के दौरान चार नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। पुलिस का कहना है कि नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।















