Him Beat Bureau, शिमला | शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर चंडीगढ़ से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हिमाचल में चिट्टा तस्करी करने वाले नेटवर्क से जुड़े थे। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और वित्तीय लेन-देन के विश्लेषण के आधार पर इन आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पहला मामला : 22 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े थे दो युवक
पुलिस थाना बालूगंज के तहत 11 अक्टूबर को शोघी चौकी के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी ली गई थी। इस दौरान बस में सवार भुवनेश चौहान (21) निवासी शोघी और गुलशन ठाकुर (21) निवासी बानकुफर, कोटखाई के कब्जे से करीब 22 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण में सामने आया कि वे चंडीगढ़ से साजन और विकास नाम के व्यक्तियों से चिट्टा खरीदकर लाते थे। पुलिस के अनुसार, विकास उर्फ आकाश (25) मुख्य तस्कर के रूप में सामने आया, जो नशे की खरीद-फरोख्त से प्राप्त रकम के लेन-देन के लिए साजन के बैंक खाते का इस्तेमाल करता था। वहीं, साजन उर्फ सैम (24) मुख्य तस्कर और आगे चिट्टा वितरित करने वालों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाता था। इसके बाद पुलिस थाना बालूगंज से विशेष टीम चंडीगढ़ पहुंची और साजन उर्फ सैम और विकास उर्फ आकाश निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।

दूसरा मामला: 6 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था कुल्लू का युवक
बालूगंज थाना के तहत ही 27 सितंबर को शोघी चौकी के नजदीक नाकाबंदी के दौरान बस की जांच की गई थी। इस दौरान सीट पर बैठे क्षितिज वर्मा (26), निवासी जिला कुल्लू के कब्जे से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू की। पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण में पता चला कि क्षितिज चंडीगढ़ के मनीमाजरा निवासी रोहित से चिट्टा खरीदकर लाया था। इसके आधार पर पुलिस टीम ने मनीमाजरा से रोहित को गिरफ्तार कर लिया। वह भी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है।
2026 में अब तक 93 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
शिमला की एडिशनल एसपी मेहर पंवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिमला पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक 93 मुख्य तस्कर गिरफ्तार किए हैं और 68 अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क ध्वस्त किए गए। इसके मुकाबले वर्ष 2025 में 8 मुख्य तस्कर गिरफ्तार कर 4 नेटवर्क और वर्ष 2024 में 15 मुख्य तस्कर गिरफ्तार कर 4 नेटवर्क ध्वस्त किए गए थे। अब कार्रवाई का फोकस केवल नशे के साथ पकड़े जाने वाले लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि सप्लाई चेन की कड़ियों को जोड़कर मुख्य सप्लायरों और अंतरराज्यीय नेटवर्क तक पहुंचने पर भी है।













