शिमला | पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता वर्तमान कांग्रेस सरकार के ‘कुशासन’ से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने राज्य निर्वाचन विभाग की ओर से स्थानीय निकाय और नगर निगम चुनावों की अधिसूचना का स्वागत किया और इसे प्रदेश में परिवर्तन की लहर की शुरुआत बताया।
उन्होंने इन चुनावों को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल करार दिया। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी इन चुनावों में शानदार जीत दर्ज करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी विजय रथ के साथ भाजपा 2027 में प्रचंड बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी ताकि हिमाचल को पुनः प्रगति के पथ पर लाया जा सके। मांग की कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र के ढुलमुल रवैये और राजनीतिक दबाव के कारण इन चुनावों में जानबूझकर देरी की गई, जिससे लोकतंत्र की जमीनी इकाइयां और ग्रामीण विकास बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
👉 ये भी पढ़ें : Sirmaur : जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर बड़ा हमला, कहा-विदाई की शहनाई बज चुकी
चुनावी गारंटियों पर घेरा : कहा – जनता को ठगा गया
सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में कांग्रेस ने केवल दमनकारी नीतियां अपनाई हैं। उन्होंने कहा माताएं, बहनें, किसान और बेरोजगार युवा अपने वोट की शक्ति का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि उन्हें चुनावी गारंटियों के नाम पर छला गया है। दिसंबर में होने वाले पंचायत चुनाव छह महीने की देरी के बावजूद अभी तक लटके हुए हैं। प्रदेश की जनता पर टैक्स का भारी बोझ थोपा जा रहा है, जिसका हिसाब आगामी चुनावों में होगा। ठाकुर ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराध और हत्याएं सरकार की विफलता का प्रमाण हैं। पुलिस प्रशासन आंतरिक कलह में उलझा हुआ है और अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं, जिससे भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है।










1 thought on “निकाय चुनाव सत्ता का सेमीफाइनल, जनता देगी जवाब : जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला”