मंडी | हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग क्षेत्र में सोमवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। करसोग-शिमला मार्ग पर अलसिंडी से करीब चार किलोमीटर दूर कलगार नामक स्थान पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे वाहन में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
शिमला से घर लौट रहे थे युवक
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सुनील कुमार (24) और पवन कुमार (19) राजधानी शिमला से अपने घर माहूनाग (करसोग) की ओर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे जब उनकी कार कलगार क्षेत्र में पहुंची, तो अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया। ढलान और अंधेरा होने के कारण कार सड़क से नीचे लुढ़क गई और लगभग 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी के पुर्जे घटनास्थल से काफी दूर तक बिखर गए। रात के सन्नाटे में हुई इस दुर्घटना की गूंज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। पुलिस को इस हादसे की सूचना रात करीब एक बजे मिली। सूचना मिलते ही करसोग पुलिस की टीम स्थानीय ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुँची। अंधेरा और खाई की अत्यधिक गहराई रेस्क्यू टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पुलिस और बचाव दल को खाई तक पहुंचने में घंटों लग गए। कड़ी मशक्कत के बाद, तड़के सुबह 4 से 5 बजे के बीच दोनों युवकों के शवों को खाई से बाहर निकाला जा सका।
कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुनील कुमार गांव सौथल, माहूनाग और पवन कुमार गांव केथु, माहूनाग के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करसोग अस्पताल भेज दिया है। करसोग के थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक दृष्टि में यह तेज रफ्तार या नियंत्रण खोने का मामला लग रहा है, लेकिन दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। इस हादसे ने पूरे माहूनाग क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। दो युवा जानों के चले जाने से गांव में चूल्हे तक नहीं जले।











1 thought on “Mandi Road Accident : करसोग-शिमला मार्ग पर गहरी खाई में गिरी कार, दो युवकों की दर्दनाक मौत”