शिमलाकांगड़ासोलनसिरमौरकिन्नौरहमीरपुरऊनाबिलासपुरमंडीकुल्लूचंबालाहौल-स्पीति

Mandi News: दिव्यांगजनों को सहानुभूति नहीं, समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए : राज्यपाल

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने सुंदरनगर में स्पेशल ओलंपिक्स भारत के दीपावली उत्सव-2026 में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हिमाचल के विशेष खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने दिव्यांगजनों को समान अवसर और सम्मान देने का आह्वान किया। पढ़ें खबर

HIGHLIGHTS

  • सुंदरनगर में आयोजित हुआ दीपावली उत्सव-2026।
  • राज्यपाल ने विशेष खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को किया सम्मानित।
  • वर्ल्ड विंटर गेम्स में हिमाचल के खिलाड़ियों ने जीते 22 पदक।
  • दिव्यांगजनों को समान अवसर और सम्मान देने का आह्वान।
  • विशेष बच्चों के उत्पाद खरीदने की अपील।

Him Beat Bureau, मंडी |  हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा है कि दिव्यांगजनों को सहानुभूति की नहीं, बल्कि समान अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। समाज को ऐसा वातावरण तैयार करना चाहिए, जहां वे अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का पूरा प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने समावेशी समाज के निर्माण के लिए सभी वर्गों से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

राज्यपाल वीरवार को सुंदरनगर में स्पेशल ओलंपिक्स भारत हिमाचल प्रदेश की ओर से आयोजित ‘दीपावली उत्सव-2026 : विशेष बच्चों की क्षमताओं का उत्सव’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हिमाचल प्रदेश के विशेष खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश के विशेष खिलाड़ियों का प्रदर्शन हिमाचल और देश के लिए गौरव का विषय है। उनकी उपलब्धियां दृढ़ संकल्प, समावेशिता और उत्कृष्टता की मिसाल हैं।

हिमाचल के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया मान

राज्यपाल ने इटली के ट्यूरिन में आयोजित वर्ल्ड विंटर गेम्स में हिमाचल के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों शालिनी, अनिल कुमार, आकृति, गिरिधर और हेमचंद को बधाई दी। साथ ही शिवांजलि और शुभम के प्रदर्शन की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड विंटर गेम्स में हिमाचल प्रदेश के सात खिलाड़ियों और चार प्रशिक्षकों को भाग लेने का अवसर मिला। खिलाड़ियों को तैयार करने में एनएचपीसी, बीबीएमबी, प्रशिक्षकों, संस्थानों और परिवारों के सहयोग की भी उन्होंने सराहना की।

हिमाचल के खिलाड़ियों ने जीते 22 पदक: मलिका

स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्ष डॉ. मलिका नड्‌डा ने कहा कि संस्था ‘इन्क्लूजन रिवोल्यूशन’ अभियान के माध्यम से बौद्धिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। यह अभियान समानता, एकता और सद्भाव की भावना पर आधारित है। संस्था खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी पहलों के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध करवा रही है। भारतीय खिलाड़ियों ने वर्ष 2023 में बर्लिन में आयोजित वर्ल्ड समर गेम्स में कुल 202 पदक जीते थे। वहीं, वर्ष 2025 में इटली में हुए वर्ल्ड विंटर गेम्स में भारतीय दल ने 33 पदक हासिल किए। उन्होंने बताया कि भारतीय दल के 30 खिलाड़ियों में से 15 हिमाचल प्रदेश के थे। प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 33 में से 22 पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया।  इस अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन, बीबीएमबी और जिला प्रशासन के अधिकारी, खिलाड़ी, अभिभावक, शिक्षक, प्रशिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment