Him Beat Bureau, शिमला | शिमला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जुब्बल पुलिस ने 33 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ पंजाब के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को नेहनार-जुब्बल मार्ग पर कार्रवाई के दौरान पकड़ा। उसकी पहचान गोविंद (18) निवासी लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जुब्बल पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पंजाब से चिट्टा लेकर उसे बेचने के लिए यहां पहुंचा था। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि वह चिट्टा किसे बेचने वाला था।
पुलिस इस मामले में स्थानीय स्तर पर जुड़े संभावित आरोपियों और नशा तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ कर सप्लाई नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास करेगी।
चिट्टा बरामदगी के दूसरे मामले में आरोपी को जमानत नहीं
वहीं, एक अन्य मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने चिट्टा बरामदगी के आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया है। हरियाणा के अंबाला निवासी प्रदीप सिंह को पुलिस ने 10 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। उसके खिलाफ थाना सदर शिमला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी ने अदालत में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। शिमला पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी के साथ साक्ष्य-आधारित जांच तथा अदालत में प्रभावी पैरवी पर भी जोर दिया जा रहा है।
















