Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने बीसीसीआई की महिला अंडर-23 टी-20 एलीट ट्रॉफी 2026-27 के लिए टीम घोषित कर दी है। कुल्लू की अंशिका ठाकुर को 16 सदस्यीय टीम की कमान सौंपी गई है। प्रतियोगिता के लीग मुकाबले गुजरात के राजकोट में खेले जाएंगे। हिमाचल की टीम 14 नवंबर को ओडिशा के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
एचपीसीए ने टीम में प्रदेश के विभिन्न जिलों की खिलाड़ियों को मौका दिया है। चयनित खिलाड़ियों में शिमला जिले से सर्वाधिक चार खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा बिलासपुर, चंबा और कांगड़ा से दो-दो खिलाड़ियों को जगह मिली है। हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, सोलन और ऊना से एक-एक खिलाड़ी का चयन हुआ है।
शिमला की चार खिलाड़ियों को टीम में जगह

चयनित टीम में बिलासपुर की इशानी दास और खुशी चौहान, चंबा की हिमानी शर्मा और तवीश बाला, हमीरपुर की सुहाना सैनी] कांगड़ा की अहाना शर्मा और धन्या लक्ष्मी शामिल हैं जबकि मंडी की साक्षी को भी टीम में जगह मिली है। शिमला जिले से अनाहिता दिग्विजय सिंह, अंशिका सैनी, देवांशी वर्मा और मनीषा का चयन हुआ है। सिरमौर से पारखी ठाकुर, सोलन से कनुप्रिया और ऊना से अंशिता सैंडल टीम का हिस्सा होंगी।
ओडिशा के साथ 14 को होगा पहला मुकाबला
हिमाचल प्रदेश का पहला मुकाबला 14 नवंबर को ओडिशा से होगा। अगले दिन 15 नवंबर को टीम मुंबई के खिलाफ मैदान में उतरेगी। इसके बाद 17 नवंबर को त्रिपुरा, 19 नवंबर को असम और 21 नवंबर को आंध्र प्रदेश से मुकाबला होगा। राजकोट में होने वाली इस प्रतियोगिता में हिमाचल की युवा क्रिकेटरों के पास राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर रहेगा। टीम बेहतर प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में आगे बढ़ने का प्रयास करेगी।


















