Him Beat Bureau, शिमला। मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना 11 दिसंबर से शुरू होगी। ग्रामीण विकास विभाग के सचिव ने बुधवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। योजना के तहत प्रदेश की करीब 3.50 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा पात्र परिवारों को प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त घरेलू बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलेगा, जिनका सरकार की ओर से सर्वेक्षण के बाद सत्यापन और अनुमोदन किया जाएगा।
18 से 59 वर्ष की महिलाओं को मिलेगी आर्थिक सहायता
योजना के तहत पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके लिए महिला की आयु 18 से 59 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आधार प्रमाणीकरण, ई-केवाईसी और आधार पेमेंट ब्रिज से जुड़ा सक्रिय बैंक खाता होना अनिवार्य होगा। केंद्र या प्रदेश सरकार की किसी अन्य योजना के तहत इसी तरह की नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त कर रही महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। लाभार्थियों के पंजीकरण, पात्रता सत्यापन, आर्थिक सहायता के भुगतान और योजना की निगरानी के लिए एमएमएपी (मुख्यमंत्री अपना परिवार) पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा। पोर्टल पर लाभार्थियों से संबंधित प्रत्येक बदलाव और भुगतान का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा।
दो बिजली मीटरों पर कुल 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली
योजना के तहत पात्र परिवारों को अधिकतम दो घरेलू बिजली मीटरों की संयुक्त खपत पर प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। यदि परिवार के पास एक बिजली मीटर है तो उसी पर छूट लागू होगी। दो मीटर होने की स्थिति में दोनों की कुल खपत में 300 यूनिट तक की छूट मिलेगी। इस व्यवस्था को प्रदेश बिजली बोर्ड लागू करेगा। योजना केवल आर्थिक सहायता और मुफ्त बिजली तक सीमित नहीं रहेगी। इसके तहत प्रत्येक लाभार्थी परिवार की जरूरतों के अनुसार विकास रोडमैप तैयार किया जाएगा। इसमें रोजगार, स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। परिवारों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा।
पंचायत सचिव से उपायुक्त तक तय की जिम्मेदारी
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पंचायत सचिव परिवारों का सत्यापन और पात्रता की वार्षिक समीक्षा करेंगे। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) पात्रता निर्धारित करेंगे, जबकि एसडीएम विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करेंगे। उपायुक्त जिला स्तर पर पूरी योजना की देखरेख करेंगे। योजना से संबंधित शिकायतें बीडीओ कार्यालय या ऑनलाइन माध्यम से दर्ज करवाई जा सकेंगी। शिकायतों का निपटारा 15 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। बीडीओ के निर्णय से असंतुष्ट व्यक्ति सात दिनों के भीतर एसडीएम के पास अपील कर सकेगा। एसडीएम को भी 15 दिनों के भीतर निर्णय लेना होगा। गलत जानकारी देकर या धोखाधड़ी के माध्यम से योजना का लाभ लेने वाले व्यक्तियों से सहायता राशि की वसूली की जाएगी।



















