Him Beat Bureau, रामपुर बुशहर | शिमला जिले के रामपुर बुशहर में 11 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय लवी मेले की रौनक शुरू होगी। चार दिवसीय ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ राज्यपाल कविंद्र गुप्ता बुधवार सुबह 11 बजे करेंगे। वहीं, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्यापारियों और दुकानदारों को स्टॉल लगाने के लिए प्लॉट आवंटित करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
रामपुर की व्यापारिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में हिमाचल सहित देश के विभिन्न हिस्सों से व्यापारी, कलाकार और पर्यटक पहुंचते हैं। इस बार भी मेले में व्यापारिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आयोजन होंगे। जिला प्रशासन और आयोजन समिति मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है।
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता 11 नवंबर को सुबह 11 बजे लवी मेला मैदान में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शिमला के उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने लोगों से उद्घाटन समारोह में अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। मेले का समापन 14 नवंबर को होगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू दोपहर बाद तीन बजे आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। आयोजन समिति के सचिव एवं रामपुर के एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने लोगों से समापन समारोह में भाग लेने का आग्रह किया है।
व्यापारियों को प्लॉट आवंटन शुरू, सजेंगी दुकानें
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के लिए सोमवार से लवी मेला मैदान में व्यापारियों और दुकानदारों को प्लॉट आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवंटित स्थानों पर विभिन्न प्रकार की दुकानें और स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रशासन मेले के व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक प्रबंध कर रहा है।
चार दिन लगेंगी सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां
मेले में 11 से 14 नवंबर तक विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनमें लोगों को सरकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। आगंतुक विभिन्न योजनाओं के तहत उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।




















