Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल प्रदेश में दिवाली के त्योहार पर सरकारी कर्मचारियों को वेतन के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वित्त विभाग को निर्देश दिए हैं कि त्योहार से पहले सभी श्रेणियों के कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन और मासिक भुगतान पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। सरकार ने नियमित के साथ अस्थायी तौर पर सेवाएं दे रहे कर्मियों को भी समय पर भुगतान करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि वेतन भुगतान के मामले में किसी भी श्रेणी के कर्मचारी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से कम वेतन पर काम करने वाले कर्मचारियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यवस्था में सरकारी विभागों के अलावा निगमों और बोर्डों के कर्मचारी भी शामिल रहेंगे। अनुबंध, दिहाड़ी और अंशकालिक आधार पर काम करने वाले कर्मचारियों के साथ मानदेय पर सेवाएं दे रहे कर्मियों के भुगतान को भी प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य वित्तीय संसाधनों पर दबाव के बावजूद त्योहार से पहले सभी पात्र कर्मचारियों को भुगतान करना है।
1,444 श्रमिकों और परिवारों को 6.10 करोड़ की आर्थिक सहायता
दिवाली के अवसर पर प्रदेश के 1,444 पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से कुल 6 करोड़ 10 लाख 57 हजार 310 रुपये वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 6 नवंबर को इस राशि का वितरण करेंगे।
योजना के तहत विवाह सहायता के लिए 1 करोड़ 70 लाख 87 हजार रुपये, शिक्षा सहायता के लिए 3 करोड़ 14 लाख 67 हजार 700 रुपये और चिकित्सा सहायता के लिए 54 हजार 610 रुपये दिए जाएंगे। मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के तहत 32 लाख 80 हजार रुपये और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 86 लाख 58 हजार रुपये वितरित होंगे। शेष 5 लाख 10 हजार रुपये अन्य कल्याणकारी योजनाओं और सहायता मदों के तहत दिए जाएंगे। जिला स्तर पर मंडी में सबसे अधिक 440 लाभार्थियों को 1 करोड़ 61 लाख 18 हजार 200 रुपये की सहायता मिलेगी।
शिमला के 183 लाभार्थियों को 72 लाख 97 हजार 200 रुपये, किन्नौर के 168 लाभार्थियों को 64 लाख 92 हजार 200 रुपये और हमीरपुर के 148 लाभार्थियों को 64 लाख 94 हजार 610 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा बिलासपुर के 173 लाभार्थियों को 65 लाख 53 हजार 800 रुपये, ऊना के 142 लाभार्थियों को 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 700 रुपये, कांगड़ा के 63 लाभार्थियों को 31 लाख 200 रुपये और चंबा के 50 लाभार्थियों को 14 लाख 12 हजार 600 रुपये मिलेंगे।

















