Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने 19 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले रेणुकाजी मेले के दौरान रेणुका झील और परशुराम ताल के आसपास व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। दोनों जल स्रोतों के चारों ओर 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह का स्टॉल या दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी। दुकानें केवल निर्धारित मेला मैदान तक सीमित रहेंगी।

मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश बिपिन चंद्र नेगी की खंडपीठ ने ये आदेश मेले के आयोजन और अभयारण्य क्षेत्र के संरक्षण से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान दिए। अदालत ने अभयारण्य क्षेत्र में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। मेले के प्रवेश द्वार पर ज्वाइंट फ्लाइंग स्क्वाड तैनात रहेगा, जो प्लास्टिक की जांच करेगा। इसके अलावा मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए कम से कम 100 अस्थायी शौचालय बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईकोर्ट ने दुकानदारों को मेला समाप्त होने के तीन दिन के भीतर अपने स्टॉल हटाने और संबंधित स्थानों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा है। पशुपालन विभाग और पंचायतों को भी निर्देश दिए गए हैं कि लावारिस पशुओं को मेला क्षेत्र से दूर रखा जाए। अदालत ने अभयारण्य क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए गए आश्रमों, दुकानों और अन्य अतिक्रमणों को हटाने के लिए कानूनी कार्रवाई जल्द से जल्द पूरी करने के आदेश भी दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को निर्धारित की गई है।














