Him Beat Bureau, देहरा | भारतीय जनता पार्टी की हिमाचल प्रदेश सह प्रभारी एवं सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता आगामी चुनावों में कांग्रेस सरकार को जवाब देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
दर्शना सिंह मंगलवार को देहरा में भाजपा संगठनात्मक जिला देहरा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में हिमाचल प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित हिमाचल का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ‘कांग्रेस जा रही है, भाजपा आ रही है’ के संकल्प के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को गति दे रहे हैं। पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाना भी है।
अपना बूथ सबसे मजबूत’ के मंत्र पर दिया जोर
दर्शना सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपना बूथ सबसे मजबूत के मंत्र को अपनाते हुए बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संपर्क और संवाद संगठन की सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचानी चाहिए।
केंद्र की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
दर्शना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ समितियों को सक्रिय करने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों से ही पार्टी अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकती है।

















