Him Beat Bureau, कुल्लू | अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा-2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने देवी-देवताओं के नजराने में 5 प्रतिशत और बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की। इसके साथ ही देवताओं के मुख्य गूर को 1,100 रुपये की सम्मान राशि देने का एलान किया गया। मुख्यमंत्री ने भुंतर में विद्युत सब-डिवीजन खोलने सहित कुल्लू जिले के लिए सड़क, सीवरेज और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी कई घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने कुल्लू जिले के लेफ्ट बैंक को जोड़ने के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये और मणिकर्ण सड़क के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। भुंतर में सीवरेज प्रणाली के निर्माण के लिए 22 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अलावा विद्युत कमांड-बारा मार्ग के लिए 50 लाख रुपये देने और भुंतर में विद्युत सब-डिवीजन खोलने का एलान किया गया। दशहरा उत्सव में भाग लेने वाले महिला मंडलों को 35-35 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। वहीं, बजौरा स्कूल में विज्ञान भवन के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल्लू जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति का आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आधुनिक तकनीक से उपचार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पर्याप्त धनराशि दी जाएगी, ताकि जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
अदरक का MSP 40 रुपये करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) जल्द बढ़ाकर 40 रुपये करने की बात कही गई, ताकि किसानों और ग्रामीण परिवारों की आमदनी में वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी वर्गों के सहयोग को आवश्यक बताया। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 की आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि कुल्लू जिले में भारी नुकसान हुआ था। उन्होंने आपदा के दौरान स्थानीय लोगों की ओर से पर्यटकों को सहायता पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए गृह निर्माण अनुदान को डेढ़ लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये किया गया है।

600 से अधिक महिलाओं और कलाकारों ने कार्निवाल में लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री ने कुल्लू कार्निवाल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें 600 से अधिक महिलाओं और कलाकारों ने भाग लिया। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों की भागीदारी से कुल्लू दशहरा को देश-विदेश में पहचान मिली है। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भुट्टी विवर्ज सांस्कृतिक दल को प्रथम, सूत्रधार कला संगम को द्वितीय और युवा कला मंच को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।









