सिरमौर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने सिरमौर दौरे के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधा। उन्होंने राज्य की मौजूदा राजनीतिक और आर्थिक स्थिति को चिंताजनक बताया। सराहां और पांवटा साहिब में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में सुक्खू सरकार की विदाई का समय नजदीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के कार्यों पर ध्यान देने के बजाय पूर्ववर्ती सरकार की ओर से खोले गए संस्थानों को बंद कर रही है।
कर्मचारियों के वेतन, पेंशन के भुगतान में हो रही देरी

उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार द्वारा किए गए वादों और जमीनी हकीकत में अंतर है। पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा दी गई गारंटियों को पूरा करने के दावे पर भी उन्होंने सवाल उठाए। आर्थिक स्थिति को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश की वित्तीय हालत बिगड़ती जा रही है और कर्मचारियों के वेतन, पेंशन एवं भत्तों के भुगतान में देरी हो रही है। उन्होंने इसे वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी समस्या बताया। कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार प्राथमिक मुद्दों के बजाय अन्य मामलों में व्यस्त है। उन्होंने प्रदेश में प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर दिया इस दौरान उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात कर जनसमस्याएं सुनीं। पांवटा साहिब में एक रेस्टोरेंट के उद्घाटन कार्यक्रम में भी भाग लिया और पैरालंपिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।










1 thought on “Sirmaur : जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर बड़ा हमला, कहा-विदाई की शहनाई बज चुकी”