एचबी ब्यूरो, नाहन | हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के सैंज गांव में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक समारोह के दौरान नाच रही महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल परिवार को, बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।
नाचते-नाचते अचानक उठा सीने में दर्द
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 44 वर्षीय वीना देवी के रूप में हुई है। वह गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि समारोह में हंसी-खुशी का माहौल था और वीना देवी अन्य महिलाओं के साथ पारंपरिक गीतों पर नाच रही थीं। इसी दौरान अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द उठा और वह बेसुध होकर गिर पड़ीं।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) संगड़ाह पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुँचने से पहले ही वीना देवी ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने मौत का कारण ‘कार्डियक अरेस्ट’ (Heart Attack) होने की आशंका जताई है।
पति का पहले ही हो चुका था निधन
इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वीना देवी के पति का कुछ वर्ष पहले ही स्वर्गवास हो चुका था। पति के निधन के बाद वीना देवी ही अपने तीन बच्चों (दो बेटियां और एक बेटा) के लिए मां और पिता दोनों का फर्ज निभा रही थीं। उनकी अचानक मौत के बाद अब ये तीनों मासूम बच्चे पूरी तरह से बेसहारा हो गए हैं। घटना के बाद पूरे सैंज गांव में चूल्हा तक नहीं जला। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इन अनाथ हुए बच्चों की दयनीय स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।











2 thoughts on “Sirmaur News : शादी में नाचते समय महिला को आया हार्ट अटैक, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया”