Him Beat Bureau, कुल्लू | हिमाचल प्रदेश की लाहौल घाटी में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। उदयपुर-तिंदी मार्ग पर सोमवार दोपहर बरातियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई और चिनाब नदी के किनारे जा गिरी। इस भीषण हादसे में तीन भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, कार में कुल सात लोग सवार थे, जो तिंदी में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। सलग्रां से बरात दुल्हन लेकर वापस लौट रही थी। सोमवार दोपहर करीब 3:45 बजे जब वाहन मोड़ा बीर मंदिर के पास पहुंचा, तो चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे नीचे जा गिरी। पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला के अनुसार, इस दुर्घटना में शिव कुमार, अजय (दोनों सगे भाई) और कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, शिव कुमार और अजय के चचेरे भाई विवेक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में रोहित, समीर और वाहन चालक पुष्पेंद्र घायल हुए हैं। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।












