हमीरपुर | हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के तहत आने वाली फस्टे पंचायत के ट्यालू गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महज तीन हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में प्रवासी मिस्त्री दिग्विजय उर्फ गांगुली (निवासी अन्य राज्य) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि इस वारदात को उसके साथ काम करने वाले दो सहायक मजदूरों ने ही अंजाम दिया।
शराब के नशे में हुआ विवाद और हत्या
पुलिस जांच के अनुसार, मंगलवार रात मिस्त्री दिग्विजय और उसके दोनों सहायक मजदूर एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों सहायक मजदूरों ने कथित तौर पर गुस्से में आकर फावड़े से दिग्विजय पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना फावड़ा भी बरामद कर लिया है।
रामलीला देखने जा रहे लोगों को मिला शव
हत्या की इस वारदात का खुलासा बुधवार शाम को हुआ। गांव के एक छोर पर सुनसान जगह पर बने कच्चे मकान के बरामदे में दिग्विजय का खून से लथपथ शव पड़ा था। बुधवार शाम जब कुछ ग्रामीण रामलीला देखने जा रहे थे, तो उन्होंने वहां लाइट जलती हुई देखी। जब वे पास गए और आवाज लगानी चाही, तो बरामदे में शव देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डीएसपी रश्मि शर्मा और थाना प्रभारी नाजर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वीरवार सुबह फोरेंसिक टीम (FSL) ने भी घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
हमीरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फस्टे पंचायत के ही रहने वाले एक आरोपी सुरजीत को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, दूसरा आरोपी संतोष, जो मूल रूप से बिहार के मधुबनी का रहने वाला है, घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है। मृतक के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी गई है।
एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस सनसनीखेज मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।















