Him Beat Bureau, शिमला। चिट्टा रखने के छह साल पुराने मामले में अदालत ने रोहड़ू निवासी आकाश भोपटा (27) को दोषी करार देते हुए दो माह के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। दोषी पर 2,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना अदा नहीं करने की स्थिति में उसे 30 दिन का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी-4), शिमला की अदालत ने शुक्रवार को मामले में फैसला सुनाया। पुलिस के अनुसार, छह फरवरी 2020 को आकाश भोपटा के कब्जे से चार ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ था। इसके आधार पर न्यू शिमला पुलिस थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत एफआईआर संख्या 08/2020 दर्ज की गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाकर अदालत में पेश किए। अभियोजन पक्ष की ओर से मामले की पैरवी की गई। अदालत ने प्रस्तुत साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर आकाश भोपटा को दोषी ठहराते हुए कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई।
शिमला पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। ऐसे मामलों में जांच के साथ अदालत में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।















