चंबा | हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में चंबा-संघणी मार्ग पर शल्यूंड नाले के समीप रविवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में टिकरू स्कूल की 33 वर्षीय अध्यापिका पुनीता देवी की मौत हो गई, जबकि उनके पति, बेटी, भाभी और तीन वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पुनीता देवी बणी गांव (पंचायत सलूणी) की रहने वाली थीं और टिकरू स्कूल में अध्यापिका के पद पर सेवाएं दे रही थीं। उनके पति हरिंद्र कुमार सलूणी कॉलेज में क्लर्क के रूप में कार्यरत हैं। रविवार सुबह यह परिवार अपनी कार में सवार होकर अपने पैतृक गांव बणी से सलूणी की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी शल्यूंड नाले के पास पहुंची, चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में जा समाई। दुर्घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल सलूणी पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अध्यापिका पुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया।
मासूम बेटे की हालत नाजुक, टांडा रेफर
इस हादसे में मृतका के पति हरिंद्र कुमार (38), छह वर्षीय पुत्री शानवी, तीन वर्षीय पुत्र समर्थ और हरिंद्र की 56 वर्षीय भाभी रेखा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया। चंबा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान तीन वर्षीय समर्थ की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रविवार दोपहर बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके का जायजा लेकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुती हुई है।














