ऊना | हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के चिंतपूर्णी में एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां यातायात व्यवस्था संभाल रहे सब-इंस्पेक्टर (एसआई) राजेश कुमार धीमान की एक हादसे में मौत हो गई। भरवाईं चौक पर ट्रैफिक जाम खुलवाते समय वह दो बसों के बीच बुरी तरह फंस गए थे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के लिए ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात भरवाईं चौक पर भारी वाहनों के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी। 53 वर्षीय एसआई राजेश कुमार धीमान वहां पूरी मुस्तैदी से यातायात को सुचारु करवाने में जुटे थे। इसी दौरान एक संकरे मोड़ पर मुबारिकपुर और कांगड़ा की दिशा से आ रही दो बसें एक-दूसरे को क्रॉस करने लगीं। बताया जा रहा है कि इसी आपाधापी के दौरान एसआई धीमान दोनों बसों के बीच आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत एंबुलेंस के जरिये सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, टांडा ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वह मूल रूप से कांगड़ा जिले के नगरोटा सूरियां के रहने वाले थे।
प्रशासन और नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद एसआई धीमान की पार्थिव देह को अंतिम सम्मान के लिए भरवाईं थाना लाया गया। इस दौरान डीएसपी अंब अनिल पटियाल, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर, थाना स्टाफ और स्थानीय निवासियों ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विधायक सहित मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। पुलिस ने बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है।














