Him Beat News, कुल्लू | हिमाचल प्रदेश के जिला मुख्यालय कुल्लू से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां बढ़ई-बागन-पीज सड़क पर जोखूनाला के पास गुरुवार दोपहर एक टाटा सूमो गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 350 फीट की गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक हादसे में पंचायत चुनाव में मतदान करने के बाद मेला देखने जा रही सास-बहू समेत तीन महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि एक बच्चे और ड्राइवर सहित 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
वोटिंग के बाद शिरढ़ काहिका मेला देखने जा रहे थे सभी लोग

जानकारी के अनुसार, यह सभी लोग हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद ऊझी घाटी के शिरढ़ गांव में आयोजित ऐतिहासिक ‘काहिका मेला’ देखने जा रहे थे। दोपहर करीब 1:00 बजे लगघाटी क्षेत्र के बढ़ई (कुटलू ग्रां) के पास अचानक गाड़ी चालक ने नियंत्रण खो दिया और सूमो गाड़ी सीधे गहरी खाई में लुढ़क गई। गाड़ी के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। गाड़ी में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें ड्राइवर के अलावा 9 महिलाएं और एक बच्चा शामिल था। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने कुल्लू अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में इन महिलाओं की गई जान
| मृतक का नाम | पति | निवासी | उम्र |
| कली देवी | पत्नी बुद्धि सिंह | बेधार, कुल्लू | 62 वर्ष |
| मैना देवी (कली देवी की छोटी बहू) | पत्नी देवी सिंह | बेधार, कुल्लू | 35 वर्ष |
| कलावंती | पत्नी सुरेंद्र | बेधार, कुल्लू | 40 वर्ष |
दो गंभीर घायल (AIIMS बिलासपुर रेफर)
| घायल का नाम | निवासी | स्थिति |
| तारा | बेधार, कुल्लू | नाजुक (एम्स बिलासपुर रेफर) |
| आयांश (तारा का बेटा) | बेधार, कुल्लू | नाजुक (एम्स बिलासपुर रेफर) |
अन्य घायलों का विवरण: हादसे में कली देवी की बड़ी बहू प्रोमिला (35), माला देवी (शकोर), जयसिंह, सवित्रा (बेधार), अंजू, कमला सिंह और चेत्रू भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है।
स्कूली बच्चों ने दी सूचना, ग्रामीणों ने पीठ पर उठाकर बचाई जान

टाटा सूमो के खाई में गिरने की सूचना सबसे पहले कोटलू ग्रां गांव के स्कूली बच्चों ने आसपास के लोगों को दी। इसके तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण, पुलिस, दमकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत करते हुए घायलों को अपनी पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। एम्बुलेंस पहुंचने में देरी न हो, इसलिए लोगों ने निजी वाहनों से ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कुल्लू के SP मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के असली कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।










