एचबी ब्यूरो, सोलन | Himachal Panchayat Elections 2026 की तैयारियों के बीच एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। विकास खंड कुनिहार में बैलेट पेपर लेखन कार्य के दौरान दो मतपत्र (बैलेट पेपर) अचानक गायब हो गए। इस घटना से प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है और ड्यूटी पर तैनात सहायक रिटर्निंग अधिकारी (ARO) समेत आठ कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस थाना कुनिहार में मामला दर्ज करवा दिया है। इसके साथ ही इन सभी को तत्काल प्रभाव से चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया है।
जांच के दौरान वार्ड नंबर 4 के दो बैलेट पेपर पाए गए गायब
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुनिहार विकास खंड मुख्यालय में 16 मई से बैलेट पेपर लेखन और वितरण का काम शुरू किया गया था। इस दौरान जब बैलेट पेपर आवंटन टीम ने जारी किए गए मतपत्रों की जांच की, तो पंचायत खनलग के वार्ड-4 के लिए तय बैलेट पेपरों में से दो मतपत्र कम पाए गए। खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उक्त पंचायत के लिए क्रम संख्या 5265516 से 5265670 तक के बैलेट पेपर जारी किए गए थे। स्क्रूटनी के दौरान इनमें से अंतिम दो क्रम संख्या 5265669 और 5265670 के मतपत्र गायब मिले।
एआरओ सहित पूरी टीम पर गिरी गाज, चुनाव ड्यूटी से हटाए
बैलेट पेपर जैसी संवेदनशील चुनावी सामग्री के गायब होने की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर मुस्तैदी दिखाते हुए लापरवाह स्टाफ के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाया गया। चुनाव प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए मामले से जुड़ी टीम के एआरओ और अन्य 7 कर्मियों को तुरंत सस्पेंड करते हुए चुनावी ड्यूटी से बाहर कर दिया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मतपत्रों के गायब होने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।










