Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में नवरात्र के दौरान 10,25,726 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। 11 से 19 अक्टूबर तक चले नौ दिवसीय नवरात्र के दौरान सबसे अधिक श्रद्धालु बिलासपुर स्थित मां नयना देवी मंदिर पहुंचे। यहां 3,95,226 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। हिमाचल प्रदेश पुलिस के महानिदेशक अशोक तिवारी के अनुसार, नवरात्र के दौरान विभिन्न मंदिरों तक पहुंचने के लिए 1,04,520 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। उधर, नवरात्र उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुलिस की सराहना की। उन्होंने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, मंदिर न्यासों, होमगार्ड और अन्य संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों की भी सराहना की।
📋 किस मंदिर में कितने श्रद्धालु पहुंचे
| क्रम संख्या | मंदिर का नाम | श्रद्धालुओं की संख्या |
| 1 | श्री नयना देवी मंदिर, बिलासपुर | 3,95,226 |
| 2 | श्री ज्वालामुखी मंदिर | 1,80,000 |
| 3 | श्री चिंतपूर्णी मंदिर | 1,39,000 |
| 4 | श्री बाला सुंदरी मंदिर, त्रिलोकपुर | 1,06,600 |
| 5 | श्री चामुंडा देवी मंदिर | 70,500 |
| 6 | श्री बृजेश्वरी देवी मंदिर | 69,400 |
| 7 | श्री बगलामुखी मंदिर | 65,000 |
आपात स्थिति में 112 पर कॉल करने की अपील
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लोगों और प्रदेश में आने वाले पर्यटकों से अपील की कि पुलिस, अग्निशमन या एंबुलेंस की सहायता की आवश्यकता होने पर 24 घंटे उपलब्ध आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 का उपयोग करें। हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने पुलिस बल की सराहना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रोत्साहन पुलिस कर्मियों को अधिक समर्पण, संवेदनशीलता और व्यावसायिक दक्षता के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रेरित करता है। डीजीपी ने नवरात्र के दौरान तैनात जिला पुलिस प्रमुखों, पर्यवेक्षण अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।












