Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अगले पांच वर्षों में 10,000 से 15,000 करोड़ रुपये तक निवेश करने की योजना है। राज्य सरकार हाई-एंड पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ पर्यटन अधोसंरचना के विकास और हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने पर भी जोर दे रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला जिले के नालदेहरा गोल्फ कोर्स में आयोजित कोटी गोल्फ कप-2026 के समापन समारोह में यह बात कही। 24 और 25 अक्तूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में 80 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण पर 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा, प्रदेश में हवाई सेवाओं के संचालन को प्रोत्साहित करने के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के तहत 35 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को हेलीपोर्ट सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। शिमला से हवाई सेवाएं शुरू करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में अधिक सुविधा मिल सके।
60 ईको-टूरिज्म साइट्स लीज पर दीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी कदम उठा रही है। प्रदेश में 60 ईको-टूरिज्म साइट्स लीज पर दी गई हैं, जिससे राज्य को 22 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने नालदेहरा गोल्फ कोर्स को प्रदेश के सबसे मनोरम गोल्फ स्थलों में से एक बताते हुए इसके विकास का श्रेय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में आवश्यक नीतिगत बदलाव किए जा रहे हैं।
गोल्फ कोर्स के विकास पर खर्च होंगे 1.82 करोड़ रुपये
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नालदेहरा गोल्फ कोर्स को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गोल्फ कोर्स को पर्यटकों के लिए भी खोला गया है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने गोल्फ कोर्स के विकास के लिए 1.82 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए हैं। समारोह में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, महाधिवक्ता अनूप रतन, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह तथा कोटी गोल्फ क्लब और नालदेहरा गोल्फ क्लब के सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।














