Him Beat Bureau, मंडी | हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एनएच-03 धर्मपुर-कोटली-मंडी सड़क पर सोमवार सुबह सड़क हादसा हुआ। हवानी के पास डंगा गिरने से बजरी से लदा टिपर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में चालक निर्मल सिंह (50) की मौत हो गई। टिपर बरोटी की ओर जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान हवानी के पास यह हादसा हुआ। डंगा गिरने के बाद टिपर सड़क से नीचे लुढ़क गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही धर्मपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की।
ठेकेदार और मजदूरों ने चालक को पहुंचाया सड़क तक
थाना प्रभारी धर्मपुर विनोद कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। इस दौरान वहां बिजली लाइन का काम कर रहे ठेकेदार मेहुल तपवाल और उनके साथ काम कर रहे मजदूरों ने घायल चालक को सड़क तक पहुंचाने में मदद की। इसके बाद चालक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल धर्मपुर ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद निर्मल सिंह को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।













