Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को शिमला के संजौली से रामपुर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का आधिकारिक शुभारंभ कर दिया है। क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के तहत शुरू की गई हेलीकॉप्टर सेवा से क्षेत्र के लोगों को अब आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। यह हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी।
उड़ान समय इस प्रकार रहेगा
संजौली से रामपुर: सुबह 9:55 बजे उड़ान भरकर 10:30 बजे रामपुर पहुंचेगी।
रामपुर से रिकांगपिओ: सुबह 10:50 बजे उड़ान भरकर 11:25 बजे रिकांगपिओ पहुंचेगी।
रिकांगपिओ से रामपुर (वापसी): सुबह 11:30 बजे उड़ान भरकर दोपहर 12:05 बजे रामपुर पहुंचेगी।
रामपुर से संजौली (वापसी): दोपहर 12:10 बजे उड़ान भरकर 12:45 बजे संजौली पहुंचेगी।
अगले चार माह में इन जिलों के लिए शुरू होगी सेवा
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार आने वाले चार महीनों के भीतर हमीरपुर, चंबा और पालमपुर के लिए भी हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य हिमाचल के हर कोने को हवाई मार्ग से जोड़ना है ताकि लोगों को सुगम और समयबद्ध परिवहन सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने का साधन नहीं है, बल्कि पहाड़ों में नई सोच और विकास की संभावनाओं का प्रतीक है। इससे सफर का समय तो बचेगा ही, साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सरकार इस सेवा के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (VGF) की पूरी राशि वहन कर रही है, जिस पर लगभग 35.70 लाख रुपये प्रतिमाह खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा, प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों सहित कुल 16 हेलीपोर्ट के निर्माण पर भी तेजी से काम चल रहा है।
गग्गल हवाई अड्डे के विस्तार पर भी काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कांगड़ा के गग्गल हवाई अड्डे के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। भूमि अधिग्रहण के लिए राज्य सरकार अपने संसाधनों से 2,400 करोड़ रुपये लोगों को वितरित कर चुकी है। पुनर्वास के लिए भी राशि उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के विस्तार के बाद हेलीकॉप्टर सेवाओं के माध्यम से इसे प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। इससे पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, हिमकॉन के अध्यक्ष विकेश चौहान, कैलाश फेडरेशन के अध्यक्ष बलदेव ठाकुर, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह भी उपस्थित रहे।














