Him Beat News, धर्मशाला | धौलाधार के आंचल में बसे धर्मशाला में होने वाले IPL 2026 Qualifier 1 मुकाबले के लिए गुजरात टाइटंस की टीम कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में शनिवार को धर्मशाला पहुंच गई। गुजरात टाइटंस 26 मई को रात साढ़े सात बजे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ क्वालिफायर-1 का ऐतिहासिक मुकाबला खेलेगी। वहीं, आरसीबी की टीम के रविवार दोपहर तक धर्मशाला पहुंचने की संभावना है।
🏆 धर्मशाला में पहली बार आईपीएल प्लेऑफ का रोमांच

आईपीएल के 19वें संस्करण (IPL 19) का पहला क्वालिफायर मुकाबला पहली बार धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर आयोजित किया जा रहा है। इस मुकाबले को यादगार बनाने के लिए धर्मशाला स्टेडियम में पहली बार आईपीएल ट्रॉफी भी पहुंच रही है, जिसके लिए विशेष मंच और शानदार लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास धर्मशाला के इस खूबसूरत मैदान पर खेलने का अच्छा अनुभव है। आरसीबी ने इसी मैदान पर लीग मुकाबले में पंजाब किंग्स को हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पक्का किया था। इससे टीम को यहां की परिस्थितियों और पिच की बेहतर समझ है। दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस की टीम पहली बार धर्मशाला में कोई आईपीएल मैच खेलेगी। हालांकि, टीम के कई खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी और घरेलू वनडे मैचों के दौरान इस मैदान पर खेल चुके हैं, जिससे उन्हें यहां की पिच और बदलते मौसम का थोड़ा अंदाजा जरूर है।
🛡️ सुरक्षा के कड़े इंतजाम और व्यापार में उछाल
इस महामुकाबले को लेकर एचपीसीए (HPCA) स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पुलिस व स्थानीय प्रशासन ने यातायात, पार्किंग और दर्शकों की सुविधा के लिए खाका तैयार किया है। 26 मई को होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है। इसे जीतने वाली टीम सीधे आईपीएल 2026 के फाइनल में प्रवेश करेगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालीफायर-2 के जरिए फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा। इस बड़े मुकाबले के कारण धर्मशाला और मैक्लोडगंज के स्थानीय होटल कारोबारियों और व्यापारियों में भारी उत्साह है और उन्हें बड़े बिजनेस की उम्मीद है।










