एचबी ब्यूरो | शिमला
राजधानी के चौड़ा मैदान स्थित आईटीआई में आयोजित महिला वर्ग की जिला स्तरीय ITI Sports Meet का शानदार समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में आईटीआई शिमला की छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर ओवरऑल चैंपियन की ट्रॉफी अपने नाम की। खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक स्पर्धाओं में भी संस्थान की छात्राओं का दबदबा रहा। इस खेलकूद प्रतियोगिता की सबसे सफल खिलाड़ी आईटीआई शिमला की ममता रहीं, जिन्हें बेस्ट एथलीट के खिताब से नवाजा गया।
खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के परिणाम
ITI Sports Meet में विभिन्न खेल स्पर्धाओं के परिणाम इस प्रकार रहे:
- कबड्डी: आईटीआई शिमला (विजेता), जुब्बल (उपविजेता)।
- खो-खो: आईटीआई शिमला प्रथम, सुन्नी द्वितीय।
- वॉलीबाल: आईटीआई मशोबरा ने बाजी मारी, जलोग दूसरे स्थान पर रहा।
- बैडमिंटन: आईटीआई शिमला विजेता और कुमारसैन उपविजेता।
- सांस्कृतिक स्पर्धा: मार्च पास्ट, ग्रुप सॉन्ग और वन एक्ट प्ले में आईटीआई शिमला प्रथम रहा। फोक डांस और सोलो सॉन्ग में आईटीआई मशोबरा ने पहला स्थान पाया।

एथलेटिक्स: ट्रैक पर ममता और रोशनी का जलवा
ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स में छात्राओं ने कड़ी प्रतिस्पर्धा पेश की:
- 100, 800 और 1500 मीटर दौड़: इन तीनों स्पर्धाओं में आईटीआई शिमला की ममता ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
- लॉन्ग जंप: आईटीआई रामपुर की रोशनी पहले स्थान पर रहीं।
- हाई जंप: रामपुर की दीक्षा ने स्वर्ण पदक जीता।
- डिस्कस थ्रो: मशोबरा की कृतिका विजेता रहीं।
- 400 मीटर दौड़: रामपुर की दिव्या ने पहला स्थान हासिल किया।

शिमला में ट्रैफिक सुधार के लिए बनेंगी 15 हाइड्रोलिक पार्किंग : विक्रमादित्य सिंह
समापन समारोह में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने बड़ी घोषणाएं की। शिमला शहर में ट्रैफिक की समस्या को सुलझाने के लिए 15 स्थानों पर आधुनिक हाइड्रोलिक पार्किंग बनाई जाएंगी। मंत्री ने स्पोर्ट्स मीट के सफल आयोजन के लिए 41 हजार रुपए, आईटीआई शिमला को 15 हजार और बेस्ट एथलीट ममता को 5 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास के लिए भी अनिवार्य हैं। इस अवसर पर विभिन्न संस्थानों के अधिकारी और प्रशिक्षक भी मौजूद रहे।







