एचबी ब्यूरो | शिमला
नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को बैकवर्ड लिंकेज (Backward Linkage) स्थापित करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पंजाब (भारत-पाकिस्तान बॉर्डर) से एक मुख्य चिट्टा सप्लायर और उत्तर प्रदेश के लखनऊ से प्रतिबंधित दवाइयों की तस्करी करने वाले एक केमिस्ट को गिरफ्तार किया है।
👉 यह भी पढ़ें : Shimla LSD Drug Case : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज मिटाने पर भुंतर का होटल मालिक गिरफ्तार
मामला 1: भारत-पाक बॉर्डर से पकड़ा गया चिट्टे का मुख्य सप्लायर
9 मई को पुलिस थाना सदर शिमला ने कपूरथला (पंजाब) के एक युवक से 10.300 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस मामले की गहन जांच, वित्तीय लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद मुख्य सप्लायर की पहचान हुई। आरोपी की पहचान आकाशदीप उर्फ आकाश (22 वर्ष), निवासी मेघा पंजगरेन, जिला फिरोजपुर, पंजाब (भारत-पाकिस्तान बॉर्डर) के रूप में हुई है। सदर शिमला पुलिस की टीम ने स्थानीय पंजाब पुलिस के साथ मिलकर 19 मई को एक गुप्त ऑपरेशन के तहत आरोपी को धर दबोचा। इस साल शिमला पुलिस बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अब तक 39 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9 गुना ज्यादा है।
👉 यह भी पढ़ें : Shimla : पुलिस की नशे पर बड़ी कार्रवाई: तारादेवी में 64 ग्राम चिट्टे के साथ 2 गिरफ्तार, ठियोग के होटल में भी दो धरे
मामला 2: रोहड़ू पुलिस की कार्रवाई, लखनऊ से केमिस्ट गिरफ्तार
दूसरा मामला पुलिस थाना रोहड़ू में दर्ज प्रतिबंधित गोलियों की बरामदगी से जुड़ा है। व्हाट्सएप चैट, सीडीआर (CDR) डाटा और बैंक ट्रांजेक्शन खंगालने पर पता चला कि प्रतिबंधित दवाइयों की खेप उत्तर प्रदेश के लखनऊ से कूरियर के माध्यम से भेजी गई थी। आरोपी की पहचान अहमर ब्रिजास (32 वर्ष), निवासी सज्जादबाग कॉलोनी, दौलतगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी लखनऊ में एक मेडिकल स्टोर चलाता है। वह बिना किसी वैध मेडिकल पर्ची (Prescription) के अवैध रूप से ये दवाइयां सप्लाई करता था। रोहड़ू पुलिस ने 17 मई को आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ ‘ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट’ के तहत भी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस दोनों मामलों में आगामी नेटवर्क खंगालने में जुटी है।







1 thought on “Drug Smuggling Case : भारत-पाक सीमा से चिट्टा सप्लायर और लखनऊ से केमिस्ट गिरफ्तार”