एचबी ब्यूरो | सोलन
Solan Sadhupul Car Accident : हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के तहत कंडाघाट-साधुपुल मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। साधुपुल के समीप दोची क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक हादसे में एक 24 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी पांचों लोग साधुपुल की ओर आ रहे थे। सुबह करीब 9:30 बजे दोची के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे गहरी खाई में लुढ़क गई। दुर्घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल कंडाघाट पहुंचाया। कंडाघाट अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद चारों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगामी इलाज के लिए आईजीएमसी (IGMC) शिमला रेफर कर दिया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कार में माता-पिता, उनकी 24 साल की बेटी, सास और साली सवार थीं। इस हादसे में बेटी ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य चार सदस्य जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। घायलों में से तीन लोग साधुपुल के साथ लगते ‘थोढ़ा’ गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही कंडाघाट पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है, हालांकि हादसे के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।










