एचबी ब्यूरो, रोहड़ू | हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के कुलगांव में रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान की गई हवाई फायरिंग में गोली लगने से एक महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान रीतिका उर्फ गुड़िया निवासी गांव बकोरा, आंध्रा चिड़गांव के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुलगांव में देवता के सम्मान में आयोजन चल रहा था। लोग पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर नृत्य कर रहे थे, तभी कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक गोली रीतिका को जा लगी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर गईं और अस्पताल ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। उधर, इस मामले में प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों रजत सोहटा और अमित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में तनाव: परिजनों ने प्रशासन और पुलिस को घेरा
महिला का शव जब रोहड़ू अस्पताल पहुंचा, तो वहां स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर प्रदर्शन किया और स्थानीय विधायक व एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान हथियार लहराए जा रहे थे, लेकिन पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने शव को एंबुलेंस से शिमला भेजा, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
लोग की मांग : हर्ष फायरिंग पर लगे सख्त रोक
इस दुखद हादसे ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सामाजिक व धार्मिक उत्सवों में हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि हर्ष फायरिंग जैसे जानलेवा और अवैध कृत्यों से बचें।
यह भी पढ़ें : Amb-Andaura to Kolkata Train: ऊना से कोलकाता का सफर हुआ आसान, गुरुमुखी एक्सप्रेस के विस्तार को केंद्र की मंजूरी
सियासी उबाल: भाजपा ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता का प्रमाण है। सैकड़ों लोगों के बीच हथियार लहराना और फायरिंग होना प्रशासन की बड़ी नाकामी है। जमवाल ने शव को ले जाने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना करार दिया।








1 thought on “Rohru Firing Case: कुलगांव में धार्मिक अनुष्ठान में फायरिंग, महिला की मौत; 2 गिरफ्तार, परिजनों का हंगामा”