शिमला | पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। ताजा कार्रवाई में पुलिस ने ढली और ठियोग क्षेत्रों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13.28 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है शिमला के ढली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक निजी होटल में छापेमारी की। पुलिस टीम ने होटल प्रबंधन की मौजूदगी में जब एक कमरे की तलाशी ली, तो वहां दो संदिग्ध व्यक्ति पाए गए। इनमें शकील बख्शिंता (कोटखाई) और प्रदीप कुमार (भट्ठाकुफर, शिमला) शामिल हैं। इनके पास से एक कैरी बैग में 4.28 ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस अब यह खंगाल रही है कि आरोपी इस नशे की खेप को कहां से लाए थे और उनके मुख्य सप्लायर कौन हैं।
ठियोग बाईपास पर नाकाबंदी: हरियाणा और पंजाब के तस्करों पर शिकंजा
नशा तस्करी का दूसरा मामला ठियोग पुलिस स्टेशन के तहत सामने आया है। ठियोग बाईपास पर नाकेबंदी के दौरान फागू की ओर से आ रही एक संदिग्ध गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। वाहन की सघन तलाशी लेने पर 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में पवन (सोनीपत, हरियाणा), नितिश पांडे (मोहाली, पंजाब) और रितिक सूरजभान (सोनीपत, हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।






2 thoughts on “Shimla : पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ढली और ठियोग में 5 नशा तस्कर गिरफ्तार, 13.28 ग्राम चिट्टा बरामद”