Him Beat Bureau, रामपुर बुशहर | हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर बुशहर उपमंडल की लालसा पंचायत के ध्वालसा गांव में आग लगने से एक रिहायशी मकान जलकर राख हो गया। मकान देव राज भारद्वाज का बताया जा रहा है। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को भी दी गई। इसके बाद अग्निशमन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लालसा पंचायत की प्रधान संगीता शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना प्रशासन और अग्निशमन विभाग को दी गई थी। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत की। हालांकि, आग से मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है, लेकिन वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जाना बाकी है। फिलहाल मकान में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।













