Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला जिले के सुन्नी में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क निर्माण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रयास तेजी से जारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क विकास कार्यों को गति देने के लिए केंद्र सरकार के साथ लगातार बातचीत की जा रही है और सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत प्रदेश को पहले ही करीब 4,500 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। योजना के चौथे चरण के दूसरे फेज के तहत लगभग 1,600 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण के लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये की नई स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है।
रामपुर में सड़क धंसने की समस्या का समाधान
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रामपुर क्षेत्र में सड़क धंसने की गंभीर समस्या से राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्र की ओर से इसके समाधान के लिए 127 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। 17 अक्तूबर को मिली इस स्वीकृति से प्रभावित क्षेत्र में सड़क से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में बड़ी मदद मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बेहतर और सुरक्षित सुविधा मिल सकेगी।













