Him Beat Bureau, शिमला | हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को बेहतर बनाने के लिए 21 अक्तूबर से संजौली (शिमला) और रामपुर के बीच हेली टैक्सी सेवा शुरू होगी। इस सेवा के तहत रामपुर से किन्नौर के रिकांगपिओ तक भी हवाई संपर्क उपलब्ध होगा। इससे दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन का वैकल्पिक साधन मिलेगा और सड़क मार्ग से लगने वाले समय में भी बचत होगी।
हेली टैक्सी सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित होगी। निर्धारित समयसारिणी के अनुसार, हेलीकॉप्टर सुबह 9:55 बजे संजौली से उड़ान भरकर 10:30 बजे रामपुर पहुंचेगा। इसके बाद सुबह 10:50 बजे रामपुर से रिकांगपिओ के लिए रवाना होगा और 11:25 बजे वहां पहुंचेगा। वापसी में हेलीकॉप्टर सुबह 11:30 बजे रिकांगपिओ से उड़ान भरेगा और दोपहर 12:05 बजे रामपुर पहुंचेगा। इसके बाद दोपहर 12:10 बजे रामपुर से संजौली के लिए उड़ान भरेगा और 12:45 बजे शिमला पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने की थी सेवा शुरू करने की घोषणा
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी परिवहन संबंधी समस्याओं को समझा था। दूरदराज के क्षेत्रों में बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से उन्होंने संजौली-रामपुर के बीच हेली टैक्सी सेवा शुरू करने की घोषणा की थी। इस मार्ग पर पवन हंस लिमिटेड की ओर से क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के तहत उड़ानों का संचालन किया जाएगा। हेली टैक्सी सेवा शुरू होने से शिमला, रामपुर और रिकांगपिओ के बीच यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
हेली टैक्सी की समयसारिणी
| रूट | प्रस्थान | आगमन |
|---|---|---|
| संजौली से रामपुर | सुबह 9:55 बजे | सुबह 10:30 बजे |
| रामपुर से रिकांगपिओ | सुबह 10:50 बजे | सुबह 11:25 बजे |
| रिकांगपिओ से रामपुर | सुबह 11:30 बजे | दोपहर 12:05 बजे |
| रामपुर से संजौली | दोपहर 12:10 बजे | दोपहर 12:45 बजे |













